home page

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने की शिष्टाचार भेंट

 | 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने की शिष्टाचार भेंट


वाराणसी, 30 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं वाराणसी के पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के विकास, वाराणसी में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र तथा पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वाराणसी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।

भेंट के दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का विषय भी प्रमुखता से चर्चा में रहा। राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को एमएसएमई विभाग की सहभागिता, प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और लघु उद्योगों को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों तथा उत्तर प्रदेश में व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को मिल रहे प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, ऋण सुविधा, कौशल उन्नयन और बाजार से जोड़ने के अवसरों पर भी चर्चा की।

राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पारंपरिक कारीगर और शिल्पकार अपनी कला एवं हुनर के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना उनके पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में प्रदेश में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, निवेश के अवसर बढ़ाने तथा एमएसएमई क्षेत्र को और सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, जनकल्याण और रोजगार सृजन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी