home page

प्रधानमंत्री दौरे के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ी भीड़

 | 
प्रधानमंत्री दौरे के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ी भीड़


वाराणसी, 30 अप्रैल(हि. स.)। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के बाद गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। सुबह के वक्त भी मंदिर में पंक्तिबद्ध हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया तो सायंकाल के वक्त भी भारी भीड़ मंदिर में दिखाई पड़ी।

मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर दुकानदारों ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आवागमन के साथ ही मंदिर में भीड़ बढ़ती है। यह पहला अवसर नहीं है, जब भीड़ बढ़ी है। प्रधानमंत्री जब-जब आते हैं, श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। श्रद्धालुओं की संख्या मंदिर में बढ़ जाती है। इससे दुकानदारों को भी दोगुना लाभ होता है। हम दुकानदार भाई तो चाहते हैं कि मोदी जी बार-बार आएं।

दुकानदार आशीष ने कहा कि कल से मौसम भी सुहाना है। मौसम में हल्का बदलाव के कारण श्रद्धालुओं के मंदिर में दर्शन पूजन आने को लेकर कोई कठिनाई नहीं दिख रही है। मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की सेवा में हम दुकानदार अग्रसर हैं। श्रद्धालुओं के लिए लाकर सुविधा, चप्पल जूते उतारने की सुविधा उपलब्ध है। प्लास्टिक मुक्त वातावरण में फूल माला, दूध जल भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।

जौनपुर से सिंह परिवार के सदस्यों अनिल, अभिषेक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद श्री काशी विश्वनाथ दर्शन की इच्छा हुई और वह अपने यहां से दर्शन हेतु काशी आए। उन्होंने अपने वाहन को रामापुरा में पार्किंग में लगाया और वहां से पैदल दर्शन करने पहुंचे हैं। दर्शन करने के बाद उनका परिवार वैदिक घड़ी देखने भी जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद