home page

राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लें : मनोज सिंह

 | 
राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लें : मनोज सिंह


राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह ने तिरंगा बाइक यात्रा का किया शुभारंभ

मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में रविवार शाम को मुरादाबाद महानगर में भव्य तिरंगा बाइक यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर गाँव और हर बस्ती में हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि हिंदू समाज में संस्कार, एकजुटता और धार्मिक जागरूकता को बढ़ाया जा सके।

यात्रा शाम छह बजे लाजपत नगर से प्रारंभ होकर प्रस्तावित मार्गों से होते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में निकली। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर तथा राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की।

राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा कि 15 अगस्त की यह तिरंगा बाइक यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश देने वाला अभियान है। आज हजारों कार्यकर्ताओं और युवाओं ने तिरंगा लेकर यह संकल्प लिया है कि राष्ट्रहित, समाजहित और सनातन संस्कृति के सम्मान के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे।

तिरंगा बाइक यात्रा में गौरव राघव, गौरव सैनी, शरद रस्तोगी, विजय शर्मा, इशांक भारद्वाज, अभिषेक श्रीवास्तव, जतिन प्रजापति, सुशांत गुप्ता, सुनील वर्मा, किशन सिंह, रोहित गौतम, अतुल, किशन, राकेश, भानु प्रताप सिंह आदि रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल