home page

गोरखपुर की कोच रीता मिश्रा ने नाम किया रोशन

 | 
गोरखपुर की कोच रीता मिश्रा ने नाम किया रोशन


गोरखपुर की कोच रीता मिश्रा ने नाम किया रोशन


गोरखपुर, 09 जून (हि.स.)। गोरखपुर की अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं कोच रीता मिश्रा ने एक बार फिर जनपद का नाम रोशन किया है। उनके कुशल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में टीम ने 9वीं सीनियर नेशनल इंदौर हॉकी चैंपियनशिप 2026, बड़ौदा गुजरात में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में टीम ने गोवा के विरुद्ध 0-0 से मैच ड्रॉ खेला, जबकि तेलंगाना के खिलाफ 7-0 से शानदार जीत दर्ज कर अपने दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने मैदान में अनुशासन, आत्मविश्वास, तालमेल और संघर्ष क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

टीम की गोलकीपर मुशकान ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीमों के हमलों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं फुल बैक पंक्ति में कोयलेता, अश्रीता टोपो, अनिता एक्का, ज्योति शर्मा, पूनम पासवान और शकुंतला राव ने मजबूत रक्षण का परिचय दिया। फारवर्ड लाइन में प्रेमलता सिंह, रश्मि सिंह, पम्मी और फरजाना ने तेज और आक्रामक खेल दिखाते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

कोच रीता मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे समर्पण, अनुशासन और एकजुटता के साथ खेला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ी इसी जोश और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

गोरखपुर की कोच रीता मिश्रा के नेतृत्व में टीम के इस शानदार प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों ने टीम और कोच रीता मिश्रा को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय