home page

अभिभावक विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाएं : डॉ. संतोष गौड़

 | 
अभिभावक विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाएं : डॉ. संतोष गौड़


- आमसभा में 222 अभिभावकों ने की सहभागिता

मुरादाबाद, 12 सितम्बर (हि.स.)। जवाहर नवोदय विद्यालय कालेवाला, ठाकुरद्वारा मुरादाबाद में शनिवार को अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन हेतु आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद मुरादाबाद के सभी आठ विकासखंडों से आए कुल 222 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार गौड़ ने अपने संबोधन में अभिभावकों का स्वागत करते हुए उनसे विद्यालय से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य अजय कुमार ने अभिभावक शिक्षक परिषद के महत्व, उद्देश्य एवं संरचना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि आमसभा के दौरान अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अभिभावकों द्वारा परिषद के लिए कुल 15 सदस्यों का चुनाव किया गया। वहीं विद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षक सदस्यों के रूप में अमरपाल, सचिन नेगी, डॉ. बृजेश कुमारी, अंशु शर्मा एवं रिद्धि चावला को नामित किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि अभिभावक शिक्षक परिषद की बैठक प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के माध्यम से विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की प्रगति, उनकी आवश्यकताओं तथा अभिभावकों से प्राप्त सुझावों पर नियमित रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. बृजेश कुमारी, अमरपाल, नेहा मिश्रा, सचिन नेगी एवं असलम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल