home page

मानसिक स्वास्थ्य के बिना अधूरा है शारीरिक स्वास्थ्य: प्रो. अजय प्रताप सिंह

 | 
मानसिक स्वास्थ्य के बिना अधूरा है शारीरिक स्वास्थ्य: प्रो. अजय प्रताप सिंह


जौनपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाई ।

कार्यक्रम के प्रथम दिन शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुक्तांगन में मानव श्रृंखला बनाकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया। व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि मन और शरीर का संबंध समग्र स्वास्थ्य का अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू है। व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ हो सकता है, लेकिन यदि उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है तो वह अपने शारीरिक स्वास्थ्य का भी पूर्ण लाभ नहीं उठा सकता। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं तथा दोनों एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं। सहायक आचार्य डॉ. अन्नू त्यागी और सहायक आचार्य डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में उज्मा खान, संजीव कुमार यादव, प्रीती सिंह, उमम अंसारी, शम्भू नाथ, संतोष, पंकज सिंह सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव