home page

फूलबाग अग्निकांड : हर प्रभावित दुकानदार को मिले 2.75 लाख का मुआवजा : सिद्धार्थ काशीवार

 | 
फूलबाग अग्निकांड : हर प्रभावित दुकानदार को मिले 2.75 लाख का मुआवजा : सिद्धार्थ काशीवार


कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। फूलबाग अग्निकांड ने दर्जनों परिवारों की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया है। व्यापारियों की वर्षों की मेहनत पलभर में राख हो गई। पीड़ित परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें तत्काल सहायता और सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। “हर प्रभावित दुकानदार को कम से कम 2.75 लाख रुपये का मुआवज़ा मिलना चाहिए। यह बातें मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार ने कही।

फूलबाग मंडी में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल ने पीड़ित व्यापारियों के समर्थन में आंदोलन का ऐलान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष वीएस गुप्ता के निर्देश पर कानपुर मंडल के पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर मुआवज़े और सुरक्षा की मांग को लेकर संघर्ष शुरू किया।

इस अग्निकांड में कुल 32 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह नष्ट हो गई। व्यापारियों ने बताया कि कई लोगों की जिंदगीभर की कमाई इस हादसे में जलकर राख हो गई। कुछ परिवार ऐसे हैं जिनके सामने अब जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सिद्धार्थ काशीवार ने आरोप लगाया कि यह घटना लापरवाही का परिणाम है, जिसकी कीमत निर्दोष व्यापारियों को चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि किसी की बेटी की शादी निकट है, किसी के बच्चों की पढ़ाई का खर्च था तो किसी का इलाज होना था, लेकिन आग ने सब कुछ खत्म कर दिया। उन्होंने एक बुजुर्ग महिला का उदाहरण देते हुए बताया कि उसकी बेटी की शादी एक महीने बाद है और शादी के लिए जुटाई गई पूरी रकम आग में जल गई।

व्यापार मंडल बीते दो दिनों से लगातार पीड़ितों के साथ खड़ा है। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक प्रभावित दुकानदार को कम से कम दो लाख पचहत्तर हजार रुपये का मुआवज़ा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

व्यापार मंडल ने यह भी घोषणा की कि वह मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर अपनी मांगों को लेकर औपचारिक रूप से आंदोलन शुरू करेगा।

इस दौरान संगठन मंत्री आनंद गुप्ता, नरेश कठेरिया, अजय प्रकाश तिवारी, अजय श्रीवास्तव शीलू, जितेंद्र गिरि, दिलीप सिंह, राम शंकर राय, विनोद अवस्थी, प्रीति सोनकर सहित अन्य पदाधिकारी और सभी 32 प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप