home page

नाव हादसा : फूलन देवी की बहन समेत तमाम सपा नेताओं ने पीड़ितों के पोछें आंसू

 | 
नाव हादसा : फूलन देवी की बहन समेत तमाम सपा नेताओं ने पीड़ितों के पोछें आंसू


सपा प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का दिया भरोसा

हमीरपुर में नाव हादसे में पांच मासूमों समेत छह लोगों की मौत पर जताया दुख

हमीरपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल हमीरपुर जिले के ग्राम पंचायत भोली के मजरा कुतुबपुर तहसील हमीरपुर पहुंच कर यमुना नदी में नाव पलट जाने पर पानी में डूबकर मरने वाले 06 लोगों के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

प्रतिनिधि मंडल के सदस्य पूर्व राज्य सभा सांसद विशंभर निषाद ने शोकाकुल परिजनों से कहा कि समाजवादी पार्टी इस अपार दुःख की घड़ी में आप लोगों के साथ है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधि मंडल आपके बीच में आया है और घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार कर अखिलेश यादव को भेजी जाएगी। अखिलेश यादव घटना को संज्ञान में लेते हुए समाजवादी पार्टी की ओर से मृतकों के परिजनों को शीघ्र सहायता राशि दी जाएगी। विशंभर निषाद ने कहा कि तत्कालीन सपा सरकार के शासनकाल में वर्ष 2016 में यमुना नदी पर भोली से कोटरा मकरंदपुर के बीच में पुल का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव पास हुआ था किंतु सरकार बदल जाने के बाद पुल निर्माण के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया यदि पुल का निर्माण हो जाता तो आज इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न होती। वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाइए मैं वादा करता हूँ कि पुल निर्माण होकर रहेगा।

समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष व फूलन देवी की बहन रुक्मिणी देवी निषाद ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रतिनिधि मंडल में इदरीश खान जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी हमीरपुर, पुष्पेंद्र यादव पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक, माया बाल्मीकि सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश, रामप्रकाश प्रजापति पूर्व प्रत्याशी हमीरपुर विधान सभा, राजबहादुर पाल पूर्व जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी, शुभकरण सिंह परिहार वरिष्ठ सपा नेता रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा