पीईटी परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसपी किया निरीक्षण
बस्ती, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रथम पाली में शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने महिला डिग्री कॉलेज, एपीएन डिग्री कॉलेज तथा बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा संपन्न कराई जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।
दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था को परखा और निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों सहित निर्धारित सभी स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा परीक्षा के दौरान आयोग के निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

