home page

आठवें वेतन आयोग में शामिल करने की मांग को लेकर 29 सितंबर को पेंशनर्स करेंगे प्रदर्शन

 | 
आठवें वेतन आयोग में शामिल करने की मांग को लेकर 29 सितंबर को पेंशनर्स करेंगे प्रदर्शन


जौनपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में आठवें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों, अधिकारियों, शिक्षकों समेत सभी पेंशनर्स को शामिल करने की मांग को लेकर पेंशनर्स 29 सितंबर को देशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेंगे। अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर यह कार्यक्रम सभी राज्यों और जिलों में आयोजित किया जाएगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जौनपुर में भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना-प्रदर्शन स्थल पर कार्यक्रम होगा। यह जासनकारी शनिवार को जिलाध्यक्ष सीबी सिंह और जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने दी। उन्होंने बताया कि धरना सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। दोपहर एक बजे जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को 12 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा जाएगा।

पेंशनर्स नेताओं ने कहा कि आठवें वेतन आयोग के संकल्प पत्र में एक जनवरी 2026 से पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनर्स को टर्म्स ऑफ रेफरेंस में शामिल नहीं किए जाने से उनमें रोष है। उन्होंने पेंशन पुनरीक्षण और महंगाई राहत सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन की बात कही।

धरना-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर संगठन की ओर से पेंशनर्स के बीच जनजागरण और संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान इंजीनियर प्रमोद कुमार सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, मिठाई लाल, पलकधारी मौर्य, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर सिंह, शेषनाथ सिंह, नंदलाल सरोज, मिथिलेश जायसवाल, दिनेश कुमार गुप्ता, अजय कुमार सिंह, कंचन सिंह, शारदा प्रसाद श्रीवास्तव, रमाशंकर निषाद, मोराली सिंह, कांति देवी, महालक्ष्मी वर्मा, रीता देवी समेत अन्य पेंशनर्स शामिल रहे।

संगठन ने जिले के सभी पेंशनर्स से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव