पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे विधायक गुड्डू चौधरी, आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन
गुरुवार को आंधी बारिश के दौरान दीवार गिरने से हुई थी दो बच्चों की मौत।
हाथरस, 01 मई (हि.स.)। क्षेत्र के गांव बिलारा में गुरुवार शाम आई तेज आंधी के दौरान एक नवनिर्माणाधीन दीवार गिर गई। इस हादसे में दो हम उम्र बच्चों, जयप्रकाश की पुत्री लाडो और जितेंद्र के पुत्र मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
आंधी और बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चे नवनिर्मित दीवार के पास खड़े थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुरुवार देर रात एसडीएम मनीष चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से बच्चों का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया, ताकि शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके। एसडीएम ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद ही वैधानिक प्रक्रिया पूरी होती है, लेकिन दोनों परिवारों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लखनऊ से लौटकर सीधे गांव पहुंचे विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने शोकाकुल परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही। विधायक ने यह भी स्वीकार किया कि पोस्टमार्टम न होने के कारण सहायता मिलना कठिन हो सकता है, फिर भी प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

