नेपाल क्लब में लोकतांत्रिक परंपरा का उत्सव, प्रकाश चंद्र अग्रवाल बने वार्षिपुल मास्टर
गोरखपुर, 17 मार्च (हि.स.)। नेपाल क्लब में लॉज नेपाल संख्या 38 का वर्ष 2026–2027 के लिए चुनाव अत्यंत गरिमामय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सर्वसम्मति एवं उत्साह के साथ प्रकाश चंद्र अग्रवाल को वार्षिपुल मास्टर निर्वाचित किया गया।
चुनाव में अन्य प्रमुख पदों पर भी जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया, जिसमें राघवेंद्र दास को कोषाध्यक्ष तथा जयवर्धन पाल को टाइलर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूरे चुनाव के दौरान सदस्यों में उल्लेखनीय उत्साह, एकजुटता और संगठन के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संस्था की गतिविधियों को और अधिक सशक्त, प्रभावी एवं समाजोन्मुख बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन को सामाजिक सेवा, सहयोग और जनहित के कार्यों में अग्रणी बनाने के लिए वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इस चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में डॉ. शीराज अख्तर, राजीव प्रसाद, आलोक श्रीवास्तव एवं हमीर पाल सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
विशेष रूप से नेपाल क्लब के सचिव नीरज अस्थाना की सक्रियता, समन्वय क्षमता और व्यवस्थापन ने पूरे चुनाव को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और संगठनात्मक दक्षता की उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल, प्रेरणादायक एवं ऊर्जावान कार्यकाल की कामना की।
इसी क्रम में लॉज नेपाल संख्या 38 के वर्तमान वार्षिपुल मास्टर तथा लॉज नेपाल क्लब के अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने नव-निर्वाचित वार्षिपुल मास्टर एवं क्लब अध्यक्ष प्रकाश चंद्र अग्रवाल के निवास पर शिष्टाचार भेंट की और उन्हें वर्ष 2026–27 के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
लॉज संख्या 38 के सचिव आशुतोष सिंह एवं नेपाल क्लब के सचिव नीरज अस्थाना ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रेषित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

