home page

पीडीए समाज के अधिकारों की लड़ाई का अभियान है जनसंदेश यात्रा : हाजी फज़ल महमूद

 | 
पीडीए समाज के अधिकारों की लड़ाई का अभियान है जनसंदेश यात्रा : हाजी फज़ल महमूद


कानपुर, 16 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) जनसंदेश यात्रा की शुरुआत की गई। जाजमऊ पुरानी चुंगी से शुरू हुई यात्रा के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया। यह बातें मंगलवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद ने कहीं।

पीडीए जनसंदेश यात्रा का नेतृत्व करते हुए हाजी फज़ल महमूद ने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और नौजवानों की आवाज को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पीडीए समाज की भागीदारी और अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया गया है। सरकारी भर्तियों में देरी, रोजगार के अवसरों की कमी, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का सबसे ज्यादा असर समाज के कमजोर वर्गों पर पड़ा है।

यह यात्रा जाजमऊ पुरानी चुंगी से शुरू होकर मक्कू शहीद का भट्टा, अशरफाबाद, मोती नगर, केडीए कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी समेत कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों और पीडीए के संदेश से अवगत कराया।

हाजी फज़ल महमूद ने क्षेत्रीय समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि कैंट क्षेत्र में गंदगी, दूषित पेयजल, टूटी सड़कें, बिजली आपूर्ति की समस्या और बढ़ते बिजली बिलों से लोग परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा तथा महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव के.के. शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, मुमताज मंसूरी, इशरत इराकी, आसिफ शाह, शबाब अबरार, जानकी वर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप