home page

पीसीएस 2024 में अमेठी जिले के 10 अभ्यर्थी हुए चयनित

 | 
पीसीएस 2024 में अमेठी जिले के 10 अभ्यर्थी हुए चयनित


अमेठी, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग(यूपीपीएससी) की ओर से जारी पीसीएस-2024 के फाइनल रिजल्ट में अमेठी जनपद ने एक बार फिर प्रतिभा का परचम लहराते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, जिले के कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न प्रशासनिक पदों पर हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। सफलता की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि, गणमन एवं जिले के डीएम और एसपी ने सभी सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित किया है।

संग्रामपुर ब्लॉक के डेहरा गांव निवासी आयुष पांडेय ने प्रदेश में 10वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। आयुष पांडेय के पिता बीडीओ पद पर तैनात थे, उनका पूर्व में देहांत हो चुका है। उनकी मां शिक्षिका हैं। उन्हीं की देखरेख में आयुष पांडेय ने कठिन परिश्रम और लगन से अपनी पढ़ाई पूरी करते हुए पीसीएस की परीक्षा में 10वीं रैंक अर्जित कर परिवार ही नहीं बल्कि जनपद का मान बढ़ाया है। इसी ब्लॉक क्षेत्र की अनुराधा सिंह को कमर्शियल टैक्स विभाग में सफलता मिली है। जगदीशपुर निवासी मानसी सिंह का चयन डिप्टी जेलर पद पर हुआ है, जबकि मुसाफिरखाना तहसील के सुधांशु कौशल ट्रेजरी अफसर बने हैं। पालपुर (जगदीशपुर) के अर्पित सिंह डिप्टी कमिश्नर कॉमर्शियल के पद पर चयनित हुए हैं। वहीं, गौरीगंज के पूरबगांव निवासी रजनीश विक्रम सिंह को डिप्टी जेलर पद मिला है। शुकुल बाजार के आशीष शुक्ला कमर्शियल टैक्स ऑफिसर बने हैं। गौरीगंज तहसील के पंडरी गांव की स्नेहा का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है।

इसी क्रम में भेंटुआ ब्लॉक के पूरे राम मिश्र सरूवांवा गांव निवासी विनय कुमार मिश्रा ने 71वीं रैंक हासिल कर नायब तहसीलदार पद पर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार व क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनके पिता दुर्गा प्रसाद मिश्र प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उक्त सभी प्रतिभागियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया है। ग्रामीणों व क्षेत्रीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

जिले के इन सभी सफल अभ्यर्थियों को जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं पर जिले के जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सभी सफल उम्मीदवारों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा है कि यह सब प्रतियोगी अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत लग्न एवं अनुशासन का परिणाम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी