2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता, पीडीए को करें मजबूत : मिठाई लाल भारती
गोरखपुर, 10 जून (हि.स.)। समाजवादी बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी की समीक्षा बैठक पार्टी के बेतियाहाता स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से सक्रिय होकर तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में 37 सीटें दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें तथा अम्बेडकरवादी और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
मिठाई लाल भारती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ताओं को निरंतर जनसंपर्क अभियान चलाना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कहा कि आने वाला समय अम्बेडकरवादी और समाजवादी विचारधारा के लोगों का होगा। उन्होंने कहा कि दलित समाज सहित सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

