home page

कानपुर में पेपर लीक और सेंटर हैकिंग के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

 | 
कानपुर में पेपर लीक और सेंटर हैकिंग के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन


कानपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर परेड चौराहे पर शुक्रवार को नीट और एसएससी जीडी परीक्षा में पेपर लीक एवं सेंटर हैकिंग के मामलों को लेकर छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कानपुर संघ बहाली मोर्चा और विधि छात्र मोर्चा के बैनर तले जुटे छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पुतला छीन लिया और छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की हिदायत दी। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि लगातार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता खत्म होती जा रही है और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को सड़क पर अधिक देर तक रुकने नहीं दिया।

विश्वविद्यालय छात्र मोर्चा के संचालक एवं छात्र नेता अनुज त्रिपाठी ने कहा कि नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों से करीब 22 लाख छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएससी जीडी का सेंटर भी हैक किया गया, जिसके कारण परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। अनुज त्रिपाठी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप