सपा सरकार में युवाओं के हाथों में थमाए जाते थे तमंचे : पंकज चौधरी
लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में युवा संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने कोतवाल धन सिंह गुर्जर और राव कदम सिंह जैसे क्रांतिवीरों को नमन करते हुए कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारी 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हमारी इसी युवा ताकत ने हमारे भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ऐसा समय भी था कि सपा सरकार में युवाओं के हाथों में लाठी डंडे और तमंचे थमाए जाते थे, आज डबल इंजन सरकार में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। आज हमारा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज़ का प्रदेश बन चुका है। पूरे देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है। आज का उत्तर प्रदेश ‘बीमारू‘ राज्य से निकलकर भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेज़ी से दौड़ रहा है और इस दौड़ के असली धावक उत्तर प्रदेश के युवा हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए 4S स्किल, स्केल, स्पीड, और स्कोप की नीति के तहत कार्य कर रही है। ‘स्किल इंडिया‘ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हर हाथ को काम और हर हुनर को पहचान मिल सके।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार यूथ एम्पावरमेंट के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए मोदी सरकार ने स्टार्ट-अप पर लगने वाला एंजेल टैक्स खत्म कर दिया है। यूपी स्टार्टअप नीति 2026 से युवाओं के आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए एआई ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों पर फोकस किया जा रहा है, जिससे 24 हजार से अधिक स्टार्टअप्स वाले इकोसिस्टम को नई ऊर्जा मिलेगी। हमारे युवा वैज्ञानिक और इंजीनियर मंगलयान, गगनयान ‘चंद्रयान‘ और ‘आदित्य-L1 जैसे अभियानों से अंतरिक्ष में तिरंगा लहरा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस क्रांतिधरा मेरठ से मैं आप सभी से तीन संकल्प लेने का आह्वान करता हूँ कि राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और निरंतरता तथा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं भटकाव से दूर रहकर अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। समाज में भाईचारा, स्वच्छता, और सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। देश को बांटने वाली ताकतों को अपनी एकजुटता से करारा जवाब दें। अगर देश का युवा ठान ले, तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने से नहीं रोक सकती।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह समय रुकने और थकने का नहीं है। यह समय उठने, दौड़ने और विजयी होने का है। अपनी शक्ति को पहचानिए, अपने सपनों को उड़ान दीजिए और इस देश को दुनिया के शिखर पर ले जाने के लिए आगे बढ़िए। भारतीय जनता पार्टी और भाजपा सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।
यूपी में सरकार बनाने का काम करेंगे भाजपा कार्यकर्ता : पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सुभारती विश्वविद्यालय में शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही चुनाव जीता जा सकता है। पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि 2027 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता तन, मन और धन से लगकर यूपी में हैट्रिक सरकार बनाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं का महत्व बखूबी जानते हैं। कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि है और उसके लिए कुछ भी करना पड़े तो वह तैयार रहते हैं। कहा कि शक्ति केंद्र प्रमुख के अधीन जो बूथ आते हैं, उनका ठीक से अध्ययन कर लिया जाए तो वह चुनाव से पहले ही अपने शक्ति केंद्र का पूरा परिणाम बता सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि 2017 से पहले यहां क्या स्थिति थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डबल इंजन सरकार के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और उसी प्रकार पूरे उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं तो विरोधी भी उनसे आंख मिलाकर बात नहीं कर पाएंगे।
सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत राष्ट्रीय, प्रदेश और क्षेत्र के पदाधिकारी तथा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

