home page

रोजगार नहीं तो सरकार नहीं, भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं’ के नारे के साथ जौनपुर पहुंची पल्लवी पटेल की यात्रा

 | 
रोजगार नहीं तो सरकार नहीं, भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं’ के नारे के साथ जौनपुर पहुंची पल्लवी पटेल की यात्रा


जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी यात्रा शनिवार देर शाम जौनपुर के मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के सिहोरीवीर गांव पहुंची। यहां सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल का पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे उठाए।

संविधान दिवस पर वाराणसी के सारनाथ से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी। जौनपुर पहुंचने पर डॉ. पल्लवी पटेल ने रास्ते में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ मोटरसाइकिल जुलूस में शामिल हुईं। यात्रा चिन्हित विधानसभा क्षेत्रों के गांवों से गुजर रही है, जहां आम सभाओं के माध्यम से लोगों से संवाद किया जा रहा है।

पत्रकारों से बातचीत में पल्लवी पटेल ने कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। किसान, छात्र और युवा परेशान हैं। बेरोजगारों की बड़ी संख्या तैयार हो गई है, लेकिन सरकार के पास भाषण देने के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का स्पष्ट नारा है, रोजगार नहीं तो सरकार नहीं और भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान रात में चिन्हित विधानसभा क्षेत्र के किसी गांव में ही ठहराव होगा। कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में नहीं रुकेगा। पार्टी जनता के बीच रहकर उनकी बुनियादी समस्याओं और सवालों पर काम करना चाहती है।

पल्लवी पटेल ने लोगों से आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि लखनऊ में यात्रा का समापन होगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर अपनी राजनीतिक भागीदारी मजबूत करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव