कुत्ते के हमले में बालिका घायल
हाथरस, 20 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र के नगला चौधरी गांव में गुरुवार को कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बालिका पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बालिका के चेहरे पर कई जगह पंजे मारे। बालिका की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
यह घटना नगला चौधरी गांव में हुई, जहां तीन वर्षीय वेदिका अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी एक कुत्ता अचानक वहां आया और बालिका पर झपट पड़ा। कुत्ते ने वेदिका को दबोच लिया, जिससे वह घबराकर जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को भगाया, जिसके बाद बालिका को उसके चंगुल से बाहर निकाला जा सका। कुत्ते के हमले में बालिका के चेहरे पर कई जगह गहरे घाव हो गए। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उनका कहना है कि ये कुत्ते अक्सर बच्चों और ग्रामीणों पर हमला करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि एक अभियान चलाकर खूंखार और आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

