home page

ओजोन संरक्षण पूरी दुनिया की जिम्मेदारी : डॉ श्रावण कुमार

 | 
ओजोन संरक्षण पूरी दुनिया की जिम्मेदारी : डॉ श्रावण कुमार


जौनपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग में बुधवार को विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर क्विज प्रतियोगिता और आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘ग्लोबल एक्शन फॉर कूलर प्लेनेट’ पर आधारित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य वक्ता भू एवं गृह विज्ञान विभाग के डॉ. श्रवण कुमार ने कहा कि पृथ्वी को हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में ओजोन परत की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि क्लोरोफ्लोरोकार्बन (सीएफसी) जैसे रसायनों के कारण ओजोन परत को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ओजोन संरक्षण केवल किसी एक देश की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की जिम्मेदारी है। युवाओं को पर्यावरण सुरक्षा के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर पहल करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान केमिकल कम्युनिकेशन सोसाइटी की ओर से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने ओजोन परत, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. मिथिलेश सिंह और रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन विनायक श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. मिथिलेश यादव, डॉ. दिनेश वर्मा, सुजीत चौरसिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव