यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है मुरादाबाद मंडल रेल : विनीता श्रीवास्तव
मुरादाबाद रेल मंडल में वार रूम के माध्यम से प्रमुख रेलवे स्टेशनों की 24X7 हो रही है निगरानी
मुरादाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने रविवार को रेलवे स्टेशनों की निगरानी के लिए मंडल कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में वार रूम में पहुंचकर निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। डीआरएम ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही मानिटरिंग का जायजा लिया तथा वार रूम में तैनात कर्मचारियों एवं ड्यूटी पर उपस्थित मंडल अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। मंडल की समग्र निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुरादाबाद मंडल रेल यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण का उद्देश्य निगरानी व्यवस्था की कार्यशीलता, सतर्कता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करना था। मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति निरंतर सतर्क रहने तथा निगरानी व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों की निगरानी के लिए मंडल कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में एक वार रूम कार्य कर रहा है। इस वार रूम के माध्यम से मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24×7 निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म एवं अन्य प्रमुख यात्री क्षेत्रों की गतिविधियों पर सतत नजर रखना तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है।
वार रूम में चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित ड्यूटी के अनुसार कर्मचारियों तैनात हैं। इसके अतिरिक्त मंडल के अधिकारी भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार रूम में ड्यूटी कर रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न स्टेशनों से प्राप्त सीसीटीवी का लगातार अवलोकन किया जाता है, जिससे किसी भी असामान्य गतिविधि, संदिग्ध परिस्थिति अथवा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित संभावित समस्या पर समय रहते ध्यान दिया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

