home page

सीएसजेएमयू के 175 से अधिक छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पर सम्मानित

 | 
सीएसजेएमयू के 175 से अधिक छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पर सम्मानित


कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 175 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यूजीसी नेट, सीटेट, गेट सहित कई परीक्षाओं में इन छात्रों ने सफलता हासिल की। कार्यक्रम में छात्रों ने अपने अनुभव भी साझा किए। विश्वविद्यालय द्वारा आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियां संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाती हैं यह बातें सोमवार को कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कही

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में डीन, एकेडमिक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान 175 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इन विद्यार्थियों ने यूजीसी नेट, सीटेट, आईआईटी जैम, गेट और जीपैट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। विधि, अर्थशास्त्र, प्रबंधन, शिक्षाशास्त्र, भाषा और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने इसमें प्रमुख रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता एकेडमिक प्रो बृष्टि मित्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय एनईपी 2020 के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बना रहा है, ताकि विद्यार्थी अध्ययन के दौरान ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी तैयारी और अनुभव साझा किए। कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम में भी बदलाव किया जाएगा। कार्यक्रम का संयोजन डॉ अंशु सिंह और संचालन डॉ रत्नर्त्तु मिश्रा ने किया। व्यवस्थाएं डॉ मीनाक्षी ने संभालीं। सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप