home page

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के 62 आउटसोर्स कर्मियों को मिला प्रशिक्षण

 | 
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के 62 आउटसोर्स कर्मियों को मिला प्रशिक्षण


-एमकेआईटीएम में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, नोटिंग-ड्राफ्टिंग से ई-ऑफिस तक का मिला प्रशिक्षण

-कार्मिकों की दक्षता से मजबूत होगी प्रदेश की पर्यटन व्यवस्था- जयवीर सिंह

लखनऊ, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में पर्यटन निदेशालय एवं क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालयों में आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों की कार्यक्षमता, प्रशासनिक दक्षता और तकनीकी समझ विकसित करने के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ।

लखनऊ स्थित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) में 16 से 20 नवंबर तक चले इस कार्यक्रम में कुल 62 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में विशेष सचिव/निदेशक पर्यटन मृदुल चौधरी ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुभकामना संदेश में कहा कि 'प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिक केवल विभागीय कार्यालयों में कार्य करने वाले कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन विकास की पूरी प्रक्रिया के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उनके द्वारा तैयार की गई एक सही रिपोर्ट, किसी पर्यटन परियोजना की समयबद्ध प्रगति, पर्यटन स्थल से जुड़ी जावीनतम जानकारी और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रदेश की पर्यटन व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम योगदान देता है।'

नोटिंग-ड्राफ्टिंग से ई-ऑफिस तक का प्रशिक्षण

एमकेआईटीएम में पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को विभागीय कार्यप्रणाली के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, फाइल प्रबंधन, पत्राचार, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालयीन शिष्टाचार की जानकारी दी गई। इसके अलावा जेम पोर्टल, ई-ऑफिस, उत्तर प्रदेश पर्यटन पोर्टल, आईजीआरएस और मुख्यमंत्री पोर्टल सहित अन्य के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। पर्यटन नीति, ग्रामीण पर्यटन, इको टूरिज्म, बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना, जिलों में मेलों एवं महोत्सवों के आयोजन तथा स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन और अनुश्रवण जैसे विषय भी पाठ्यक्रम का हिस्सा रहे।

प्रशिक्षण सत्रों में विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभागीय कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया। प्रत्येक सत्र के बाद प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे कार्मिकों को अपनी जिज्ञासाओं के समाधान के साथ कार्यक्षेत्र की व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।

प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास और कौशल

प्रशिक्षण सत्र में शामिल प्रयागराज के अखिलेश कुमार ने कहा कि 'इस कार्यक्रम से उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और डिजिटल पोर्टल के संचालन की बेहतर समझ मिली है। वहीं, फिरोजाबाद के उमंग प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिली व्यावहारिक जानकारी से दैनिक कार्यों को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी।' प्रशिक्षण में महिला कर्मियों की भी सहभागिता रही।

प्रशिक्षण से विभागीय कार्यप्रणाली में आएगी तेजी- मृदुल चौधरी

निदेशक पर्यटन मृदुल चौधरी ने प्रशिक्षुओं को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'इस प्रशिक्षण के सकारात्मक परिणाम विभागीय कार्यप्रणाली में दिखाई देंगे। डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल से कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग अपनी नीतियों और योजनाओं के जरिए जन-जन तक पहुंच रहा है। ऐसे में कुशल एवं दक्ष कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। प्रदेश में इको टूरिज्म, वाइल्ड लाइफ, ग्रामीण, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हो रहा है। इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पर्यटन परियोजनाओं की नियमित निगरानी, स्थलों से जुड़ी नवीन जानकारी और पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए विभाग के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षु यहां अर्जित ज्ञान और कौशल को अपने दैनिक कार्यों में अपनाकर प्रदेश के पर्यटन विकास को गति देंगे।'

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक