बेकाबू ट्रक होंडा शोरूम में घुसा, 08 नई बाइकें रौंदी
32 लाख रुपये का नुकसान नुकसान, हाईवे पर लगा चेतावनी बोर्ड तोड़ा
हमीरपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में कानपुर-सागर नेशनल हाईवे-34 पर यमुना पुल के पास शनिवार को तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक पंडित मोटर्स (होंडा शोरूम) में घुस गया। ट्रक ने पहले हाईवे किनारे लगा दुर्घटना चेतावनी बोर्ड तोड़ा, फिर शोरूम के बाहरी परिसर में खड़ी नई मोटरसाइकिलों को रौंद दिया। हादसे में 7 से 8 नई बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद ट्रक छोड़ भाग रहे चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पाते ही कोतवाली पुलिस मोके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हमीरपुर शहर के रानी लक्ष्मीबाई तिराहे के पास कानपुर सागर नेशनल हाइवे किनारे हौंडा का शोरूम खुला है। दीपावली त्योहार पर शोरूम परिसर में नई तमम बाइकें बेचने लिए खड़ी की गई थी। इसी बीच शनिवार को कानपुर से सुमेरपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने शोरूम परिसर पर खड़ी बाइकों को रौंद डाला। हादसे के दौरान कई लोग इधर-धर भागकर जान बचाई। भीड़ ने मौके से भाग रहे चालक को पकड़ लिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाेरूम मैनेजर ने करीब 30 से 32 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। पुलिस के मुताबिक, चालक परशुराम कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव का निवासी है। चालक ने झपकी आने से नियंत्रण खोने की बात कही, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने नशे में होने की आशंका जताई। पुलिस जांच कर रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई ग्राहक या कर्मचारी मौजूद नहीं था।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आगे कीवैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

