home page

संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत : रंजना उपाध्याय

 | 
संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत : रंजना उपाध्याय


कानपुर, 03 मई (हि.स.)। संगठन की मजबूती ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक कार्यकर्ता का समर्पण और सक्रियता ही हमें निरंतर आगे बढ़ाती है। पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

यह बातें रविवार को भाजपा नेत्री रंजना उपाध्याय ने कही। वे भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण की जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक में बोल रही थीं; क्षेत्रीय सभागार में जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वर्ग प्रभारी रंजना उपाध्याय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत संगठनात्मक औपचारिकताओं के साथ हुई, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए रंजना उपाध्याय ने नवगठित टीम को बधाई दी और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो लगातार जमीनी स्तर पर काम करते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करें तथा सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक में आगामी 24 एवं 25 मई को आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण शिविर को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि यह आयोजन कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई दिशा, ऊर्जा और कार्यशैली की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

रंजना उपाध्याय ने यह भी कहा कि प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम होता है। ऐसे कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में अनुशासन, समन्वय और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो भविष्य में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होता है।

बैठक के पश्चात रचना गुप्ता ने जिला प्रशिक्षण शिविर की संचालन समिति के साथ अलग से बैठक की। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों को उनके दायित्वों एवं कार्यक्षेत्र के बारे में विस्तार से निर्देश दिए और शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर प्रकाश पाल, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, पूनम द्विवेदी, सुनील साहू, कौशल किशोर दीक्षित, रामदेव शुक्ल और विनोद शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप