home page

मंदिरों के आस-पास गैर हिंदुओं की गतिविधि पर संगठन की कड़ी चेतावनी, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

 | 
मंदिरों के आस-पास गैर हिंदुओं की गतिविधि पर संगठन की कड़ी चेतावनी, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से मुलाकात कर मंदिरों के आस-पास दुकानों और व्यवसायों को नियंत्रित करने की मांग की।

संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कुछ गैर-हिंदू समुदाय के लोग मंदिरों के आसपास दुकानें लगाकर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी पैदा करते हैं और महिलाओं व युवतियों के सम्पर्क बढ़ाने की कोशिश करते हैं।

पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त को लिखित मांग पत्र सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से यह अनुरोध किया गया कि माता तपेश्वरी, बिठलनाथ, आशा देवी और बारा देवी जैसे प्रमुख मंदिरों के आसपास किसी भी गैर-हिंदू द्वारा दुकानें न लगाई जाएं। संगठन ने कहा कि इससे मंदिरों में आने वाले भक्तों की सुरक्षा और पूजा की शांति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है। किसी भी समुदाय द्वारा मंदिर परिसर में गलत उद्देश्य से हस्तक्षेप करना स्वीकार्य नहीं है।

प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों में आने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि मंदिरों के आसपास कोई अनियंत्रित व्यवसाय न चलाए।

संगठन ने चेतावनी दी कि अगर मंदिरों के आसपास गैर-हिंदू समुदाय द्वारा दुकानें लगाई गईं, तो यह न केवल भक्तों की आस्था पर असर डालेगा बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी चिंता का विषय होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से थाने स्तर पर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने और सभी मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की।

विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पूजा की शांति बनाए रखने के लिए पूरी कार्रवाई करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप