home page

मुरादाबाद में लेखाकार पदोन्नति के लिए भेजे गए साक्ष्यों की जांच के आदेश

 | 

मुरादाबाद, 02 जून (हि.स.)। परिवहन निगम के मुरादाबाद परिक्षेत्र में लेखाकार पद पर की गई दो कर्मचारियों की पदोन्नतियों को लेकर उठे विवाद की जांच के आदेश दिए गए हैं। कार्यालय सहायक प्रथम ओमपाल ने प्रबंध निदेशक को 23 मई को प्रार्थनापत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उन्होंने मुख्यालय के परिपत्र के अनुरूप लेखाकार पद पर पदोन्नति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें पदोन्नति से वंचित कर दिया गया। वहीं सुनील कुमार और संजीव कुमार को बिना आवेदन और बिना लेखा शाखा में कार्य अनुभव के लेखाकार पद पर पदोन्नति किया गया।

मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्रशासन) बिपिन मिश्र ने मंगलवार काे क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजे पत्र में निर्देश दिया है कि शिकायत की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि पदोन्नत किए गए दोनों कर्मचारियों को कब और किस कार्यालय आदेश के तहत लेखा संबंधी कार्य आवंटित किए गए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल