महिलाओं की प्रगति में रोड़ा बना विपक्ष : ब्रजेश पाठक
कानपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। नारी वंदन अधिनियम महिलाओं को विशेष अधिकार देने वाला ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस और सपा ने इसका विरोध कर उनकी प्रगति में रोड़ा बनने का काम किया है। सदन में इस बिल का विरोध कर उन्होंने देश की महिलाओं की भावनाओं को आहत किया है और महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी इसी दिशा में मजबूती से काम करती रहेगी। यह बातें रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही।
गोविंद नगर स्थित श्री मुनि इंटर कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर हुई कार्रवाई के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सांसदों ने इसका विरोध किया। जिससे देशभर की महिलाओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में कानपुर में सपा सांसद के आवास पर प्रदर्शन भी देखने को मिला।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी महिलाओं के हित में कोई बड़ा निर्णय लिया जाता है, तब विपक्ष बाधा डालने का काम करता है। जबकि भाजपा महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कवि सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
कानपुर आगमन के दौरान सीएसए ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर उपमुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

