home page

विपक्षी दल महिलाओं के सशक्तिकरण से घबराते हैं : अनिल कुमार

 | 
विपक्षी दल महिलाओं के सशक्तिकरण से घबराते हैं : अनिल कुमार


मुरादाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद के तत्वावधान में सोमवार को बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं के अधिकार एवं सम्मान के समर्थन में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व मुरादाबाद जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं के सशक्तिकरण से घबराते हैं और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते। इसीलिए लोकसभा में यह संविधान संशोधन बिल गिराया गया। महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करती हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें अवसर देने की है।

प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने आगे कहा कि यह केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास किया गया था, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते यह संभव नहीं हो सका।

सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रश्मि रावल ने कहा कि संसद में पेश नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित न होने देना विपक्ष की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने इस ऐतिहासिक बिल का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब महिलाएं सशक्त और निर्णय प्रक्रिया में सहभागी हों।

कार्यक्रम संयोजक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की महानगर संयोजक अल्पना रितेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है।

एनसीसी मेजर डॉ मीनू मेहरोत्रा ने कहा कि महिलाओं ने अब सब कुछ समझ लिया है। कहा कि समय आने पर महिलाएं अपने अधिकारों के खिलाफ खड़े होने वालों को करारा जवाब देंगी।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर महामंत्री व नारी शक्ति वंदन अभियान के महानगर संयोजक विशाल त्यागी ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, महानगर महामंत्री विशाल त्यागी, शमी भटनागर, अमित शर्मा जिला महामंत्री नवीन चौधरी, प्रांतीय परिषद सदस्य निमित जायसवाल, आदेश चौधरी, अश्विनी शर्मा, कमला वर्मा, अशोक सैनी, रमेश सैनी, रचना अग्रवाल, क्षमा अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल