पंचायतों का सशक्तिकरण ही मजबूत लोकतंत्र की नींव : ओम प्रकाश राजभर
पंचायती राज दिवस पर यूपी में ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाएं
लखनऊ, 24 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर उत्तर प्रदेश के गांवों में लोकतंत्र का सजीव स्वरूप देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों एवं पंचायतों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण विकास, जनभागीदारी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से पंचायत स्तर पर सहभागितापूर्ण एवं जवाबदेह शासन की भावना को और अधिक सशक्त किया गया।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सहायकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन कार्यक्रमों के अंतर्गत पंचायत उन्नति सूचकांक (च्।प्) के तहत प्रगति की समीक्षा, सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण, महिला सशक्तिकरण तथा स्वच्छता एवं अन्य विकास कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हमारे लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का अवसर है। पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और प्रदेश सरकार इनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक पंचायत पारदर्शी, जवाबदेह एवं आत्मनिर्भर बनकर विकास की धारा को गांव-गांव तक पहुंचाए। पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदेश की पंचायतों को सशक्त बनाकर समग्र ग्रामीण विकास के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सतत प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

