home page

बुजुर्गों की सेवा और सम्मान से ही समाज में संवेदना मजबूत होगी : प्रो. विनय कुमार पाठक

 | 
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान से ही समाज में संवेदना मजबूत होगी : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। बुजुर्गों की सेवा, सम्मान और देखभाल समाज की जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयासों से सेवा व मानवता की भावना मजबूत होती है। यह बातें रविवार को छत्रपति साहू जी महाराज विश्विद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने गांधी जयंती सेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को लेकर कही।

महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 23 सितंबर से दो अक्टूबर तक चल रहे गांधी जयंती सेवा अभियान के तहत दामोदर नगर स्थित एक वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को मिठाई, फल और बिस्कुट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के बीच अपनत्व और आत्मीयता का भाव बढ़ाने के साथ उनके प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करना रहा।

कार्यक्रम में डॉ. विवेक सचान, मयंक मिश्रा और सोमिल सिंह मौजूद रहे। उन्होंने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान बुजुर्गों के प्रति स्नेह और सम्मान का भाव व्यक्त किया गया।

आयोजकों ने बताया कि अभियान के माध्यम से महात्मा गांधी के सेवा, करुणा, मानवता और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान से जुड़े विचारों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम को इसी कड़ी का हिस्सा बताया गया। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों की जरूरतों और उनकी देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया गया।

आयोजकों के अनुसार, इस तरह के सेवा कार्यक्रम समाज में संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में सहायक होते हैं। गांधी जयंती सेवा अभियान के तहत आगे भी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप