जिला संयुक्त चिकित्सालय में जल्द शुरु होगी ऑनलाइन ओपीडी, चिकित्सकों के कक्ष में लगेंगे कम्प्यूटर सिस्टम
मुरादाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में संचालित मंडल स्तरीय जिला अस्पताल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय में जल्द ही ऑनलाइन ओपीडी की व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इसके तहत सभी डॉक्टरों के कक्ष में कम्प्यूटर सिस्टम लगाए जाएंगे और उन्हें आयुष्मान भारत पोर्टल से जोड़ा जाएगा। गुरुवार को जिला अस्पताल का वाई-फाई कनेक्शन चालू हो गया है। जल्द ही सभी डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा व लॉगिन आईडी भी दी जाएगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय मुरादाबाद में नई व्यवस्था के तहत डॉक्टर मरीज को देखने के बाद कम्प्यूटर पर ही परामर्श दर्ज करेंगे और उसका साफ-सुथरा प्रिंट मरीज को दिया जाएगा। खास बात यह है कि मरीज की आयुष्मान भारत आईडी के जरिए उसकी बीमारी, जांच और दवाओं का पूरा रिकॉर्ड पोर्टल पर सुरक्षित रहेगा। इससे दोबारा आने पर डॉक्टर को पुरानी जानकारी तुरंत मिल जाएगी और इलाज में आसानी होगी।
अस्पताल में आज से वाई-फाई कनेक्शन शुरू कर दिया गया है और जल्द ही सभी डॉक्टरों को लॉगिन आईडी के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरुआत में इमरजेंसी और पैथोलॉजी लैब को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ दिया गया है। इमरजेंसी में दो कम्प्यूटर सिस्टम भी लगाए गए हैं। मेडलेपीआर सॉफ्टवेयर के माध्यम से मेडिको-लीगल केस और पोस्टमार्टम से जुड़ी जानकारी भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिससे पुलिस और अस्पताल के बीच दस्तावेजों का आदान-प्रदान आसान होगा। पैथोलॉजी जांच की रिपोर्ट मरीजों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजने की सुविधा भी शुरू की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कुलदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलाज हेतु आने वाले मरीज जल्द ही घर बैठे पर्चा बनवा सकेंगे। डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा की जानकारी सीधे फार्मेसी तक ऑनलाइन पहुंच जाएगी और मरीज के आने तक दवा तैयार मिलेगी। इससे अस्पताल में भीड़ कम होगी और मरीजों को राहत मिलेगी। जल्द ही डॉक्टरों को लॉगिन आईडी और प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

