home page

शैक्षिक चुनौतियों पर केंद्रित है ऑनलाइन शिक्षा एवं शिक्षण अधिगम प्रक्रिया पुस्तक : डॉ. सुषमा सिंह

 | 
शैक्षिक चुनौतियों पर केंद्रित है ऑनलाइन शिक्षा एवं शिक्षण अधिगम प्रक्रिया पुस्तक : डॉ. सुषमा सिंह


कानपुर, 24 जून (हि.स.)। ऑनलाइन शिक्षा की चुनौतियों, उसके व्यावहारिक उपयोग और शिक्षण पद्धतियों में आ रहे तकनीकी बदलावों को सरल एवं सुगम भाषा में प्रस्तुत करना इस पुस्तक का मुख्य उद्देश्य है।

यह बातें बुधवार को पुस्तक की मुख्य लेखिका प्रोफेसर (डॉ.) सुषमा सिंह ने कहीं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर में आज आयोजित एक समारोह में ऑनलाइन शिक्षा एवं शिक्षण अधिगम प्रक्रिया पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्राेफेसर विनय पाठक पुस्तक का लोकार्पण किया।

यह पुस्तक ज्वाला देवी विद्या मंदिर पीजी कॉलेज की प्रोफेसर (डॉ.) सुषमा सिंह तथा सह-लेखिका पूजा गोस्वामी द्वारा संयुक्त रूप से लिखी गई है। पुस्तक में ऑनलाइन शिक्षा, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया और शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते तकनीकी हस्तक्षेप से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समाहित किया गया है। विमोचन के अवसर पर मुख्य अतिथि ने दोनों लेखिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में शिक्षा के बदलते स्वरूप को समझने के लिए यह पुस्तक अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया तेजी से ऑनलाइन माध्यमों पर आधारित हो रही है, तब यह पुस्तक शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगी।

पुस्तक की मुख्य लेखिका प्रोफेसर (डॉ.) सुषमा सिंह ने कहा कि पुस्तक को तैयार करने का उद्देश्य ऑनलाइन शिक्षा की चुनौतियों, उसके व्यावहारिक उपयोग तथा शिक्षण पद्धतियों में आ रहे तकनीकी बदलावों को सहज भाषा में प्रस्तुत करना है। उन्होंने बताया कि सह-लेखिका पूजा गोस्वामी के सहयोग से तैयार यह पुस्तक शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकी समझ विकसित करने और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी। समारोह के पश्चात ज्वाला देवी विद्या मंदिर पीजी कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्या तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविदों ने दोनों लेखिकाओं को उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप