संजय सेतु पर वन-वे कर लगाया गया ‘सावधान खतरा’ बोर्ड
बाराबंकी, 09 मार्च (हि.स.)।लखनऊ– बहराइच–गोंडा मार्ग पर घाघराघाट स्थित संजय सेतु पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही है। पुल के कई हिस्सों में दरारें और गैप बनने से यह जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
सोमवार को दोनों जनपदों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके मौके की जांच कराकर तत्काल प्रभाव से पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। अब ट्रक, डंपर और अन्य बड़े वाहन पुल से नहीं गुजर सकेंगे।
पुल पर बने बड़े गैप और क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखते हुए यातायात को फिलहाल वन-वे कर दिया गया है, ताकि वाहन नियंत्रित गति से निकल सकें और किसी भी वाहन के फंसने या हादसे की आशंका कम हो सके। साथ ही पुल के दोनों ओर“सावधान खतरा” का बोर्ड
भी लगाया गया है, जिससे वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मी यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं और चालकों को सावधानी बरतने की हिदायत दे रहे हैं। थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत बड़े वाहनों को बंद कर दिया गया है और एन एच आई से मरम्मत के लिए कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

