home page

सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर

 | 
सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर


हमीरपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से मौदहा आ रहे बाइक सवारों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने टक्कर मार दी जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

मौदहा कस्बे की कांशीराम कालोनी मीरा तालाब निवासी बाइक मिस्त्री बच्चू (55) पुत्र दीनानाथ और साथी कल्लू बाइक से बच्चू के साढू निवासी बागी थाना कुरारा के घर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे और शुक्रवार को वापस लौट रहे थे। तभी कुरारा के निकट हमीरपुर उरई मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और कुरारा पुलिस द्वारा दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर लाया गया जहां पर डाक्टरों ने बच्चू मिस्त्री को मृत घोषित कर दिया जबकि कल्लू का इलाज किया जा रहा है।

मृतक अपने पीछे पत्नी और चार लड़के एक लड़की का भरा पूरा परिवार छोड़ गया है। घर में हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक बाइक का मिस्त्री था और पुरानी सरकारी अस्पताल गेट पर गुमटी रखकर बाइक सुधारने का काम करता था। थाना प्रभारी रामआसरे सरोज ने बताया कि शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहन चालक की तलाश कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा