श्रीकृष्ण-जन्मस्थान में दान की धातु शुद्धता की होगी ऑन-द-स्पॉट जांच, मिलेगा पारदर्शी प्रमाण
मथुरा, 01 अक्टूबर(हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान ने दान व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब श्रद्धालुओं द्वारा दान में दी जाने वाली धातु सामग्री की शुद्धता की जाँच मौके पर ही अत्याधुनिक कम्प्यूटराइज्ड मशीन के माध्यम से की जाएगी।
दानदाता के सामने ही धातु की वैज्ञानिक जाँच की जाएगी, जिससे उसमें मौजूद विभिन्न धातुओं की सटीक मात्रा का पता चल सकेगा।
बिना धातु को काटे या तोड़े (बिना खंडित किए) उसकी शुद्धता जाँची जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। जाँच के बाद रिपोर्ट की एक प्रति दान रसीद के साथ श्रद्धालु को दी जाएगी, जिस पर उनके हस्ताक्षर व मोबाइल नंबर दर्ज होंगे। हुंडी या दान पेटिका से निकलने वाली धातु की जाँच भी सीसीटीवी निगरानी में इसी प्रक्रिया के तहत होगी।
गुरुवार शाम संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि इस व्यवस्था से दान में पूर्ण पारदर्शिता आएगी और श्रद्धालुओं के पास उनकी दी गई सामग्री की शुद्धता का प्रमाणित रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

