महारानी अबक्का छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर में छात्राओं को स्वावलंबन से सशक्तिकरण का दिया संदेश
देवरिया, 28 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की देवरिया नगर इकाई द्वारा गुरुवार को आयोजित महारानी अबक्का छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर के चौथे दिन छात्राओं को स्वावलंबन के माध्यम से सशक्त बनने की प्रेरणा दी गई। छह दिवसीय इस शिविर में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मां उर्मिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रजनी त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना ही वास्तविक सशक्तिकरण का आधार है। शिविर में जो भी प्रशिक्षण छात्राओं को दिया जा रहा है, उसका उपयोग यदि वे अपने जीवन और कार्यक्षेत्र में करेंगी तो निश्चित रूप से आत्मविश्वासी और सशक्त बनेंगी।
उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है। छात्राओं को आत्मरक्षा, योग, कला और रचनात्मक गतिविधियों में दक्ष होना चाहिए, ताकि वे हर परिस्थिति का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
शिविर में विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा, क्राफ्ट, नृत्य और योग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। अभिषेक, विशाल, माला, विभा पांडे, अमीषा शर्मा तथा शालिनी सिंह सहित अन्य प्रशिक्षकों ने छात्राओं को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री प्रशांत मणि त्रिपाठी, जिला संगठन मंत्री सात्विक श्रीवास्तव, आरकेएम सह प्रमुख रानी दुर्गावती, विभाग संयोजक सविनय पांडे, जिला संयोजक अमित मणि त्रिपाठी, नगर सह मंत्री अमन त्रिपाठी, शिवांश श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

