शरद पूर्णिमा पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में छाई दिव्य छटा, चन्द्रलोक सा सजा श्रीकेशवदेव मंदिर
मथुरा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर रविवार शाम शरद पूर्णिमा महोत्सव अत्यंत भव्यता, शास्त्रीय मर्यादा और ब्रज की समृद्ध परंपराओं के साथ मनाया गया। शरद पूर्णिमा महोत्सव समिति के विशिष्ट सहयोग और भावपूर्ण सेवा से आयोजित इस पावन उत्सव ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भगवान श्रीकेशवदेव मंदिर के गर्भगृह को इस बार अत्यंत अलौकिक रूप से चन्द्रलोक के स्वरूप में सजाया गया था। धवल विद्युत सज्जा और पुष्प बंगले में विराजमान ठाकुर श्री केशवदेव जी के अलौकिक दर्शन पाकर भक्त अभिभूत हो उठे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो चंद्रमा की शीतल चांदनी सीधे मंदिर प्रांगण में उतर आई हो।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विराजमान श्रीगिरिराज जी महाराज का मंदिर भी विशेष रूप से सजाया गया। सफेद वस्त्रों, आकर्षक रोशनी और श्वेत श्रृंगार में विराजमान गिरिराज जी महाराज के अलौकिक दर्शन तथा भव्य छप्पनभोग श्रद्धालुओं के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। ब्रज की परंपरा के अनुसार शरद पूर्णिमा के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रविवार प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं को विशेष खीर महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने बड़े भाव और श्रद्धा से ग्रहण किया। रविवार पूर्वाह्न 11 बजे से लीलामंच प्रांगण में विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद प्राप्त किया।
रविवार सायंकाल 6 बजे से लीलामंच पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री सोनी सिस्टर और सुश्री अंजली साध्वी ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या के पश्चात श्रीकृष्ण चबूतरा पर वृन्दावन के कलाकारों द्वारा श्रीराधा-कृष्ण की मनोहारी लीला और महारास का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से ब्रज की पारंपरिक रासलीला को सजीव कर दिया।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा एवं सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि यह महोत्सव संस्थान की धार्मिक गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शरद पूर्णिमा महोत्सव समिति के रसिक भक्तगणों गौरव अग्रवाल, गजानन साड़ी वाले, राहुल गोयल, प्रतीक शर्मा, अमित गुप्ता, अनिल भाई, पंकज अग्रवाल, बन्टी गोला, पारस अग्रवाल, माधव अग्रवाल, जीतू हरनौल, प्रवीण बंसल एवं बालमुकुंद अग्रवाल सहित समिति के तमाम सदस्यों का उल्लेखनीय एवं सराहनीय सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

