रंगभरनी एकादशी पर बांकेबिहारी महाराज ने सोने की पिचकारी से बरसाया भक्तों पर रंग

मथुरा, 10 मार्च (हि.स.)। वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में साेमवार रंगभरी एकादशी का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पर्व में वृंदावन की पंचकोशीय परिक्रमा भी लगाई है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंच रहे हैं।
ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन और होली खेलने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ठाकुर बांके बिहारी महाराज ने की सफेद रंग की पोशाक धारण की और गालों पर रंगों के गुल चप्पे लगाए हुए दिखाई दिए। वहीं कमर पर फत बांधकर भक्तों के ऊपर पिचकारी से रंग डालते नजर आए। रंगभरी एकादशी पर ठाकुर बांके बिहारी के भक्तों का सैलाब साेमवार सुबह से देरशाम उमड़ता नजर आया। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर से लेकर बाहर तक भक्तों की लंबी लाइन भी देखने को मिली। ऐसे में जैसे ही मंदिर के पट खोले गए सभी भक्त अपने आराध्य के दर्शन करने के लिए आतुर दिखाई दिए और श्रृंगार आरती के बाद भक्तों के ऊपर रंग गुलाल डालना शुरू हो गया। मंदिर के गोस्वामी सेवा यात्रा के लोगों ने भक्तों के ऊपर पिचकारी से रंग डालना शुरू कर दिया जो की ठाकुर बांके बिहारी महाराज का आशीर्वाद था और उसे रंग को अपने आप पर पढ़ते देख श्रद्धालु खुश हो गए।
विदित रहे कि बरसाना, नंदगांव, वृंदावन समेत पूरे ब्रज में होली के पर्व को विभिन्न मंदिरों में धूमधाम और अलग अंदाज में मनाया जाता है। होली खेलने के लिए भारत ही नहीं विदेशों से भी भारी संख्या में लोग मथुरा वृंदावन पहुंचते हैं।
इसी क्रम में धर्म नगरी वृंदावन में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में रंग भरनी एकादशी पर देश विदेश से आए हुए श्रद्धालु भक्तों ने अपने आराध्य श्रीकृष्ण के साथ जमकर होली खेलकर एवं पंचकोसी परिक्रमा देकर पुन्य लाभ अर्जित किया। पूरे वर्ष भर देश-विदेश के श्रद्धालु भक्त बांके बिहारी में अपने आराध्य के साथ होली खेलने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं। पूरे मंदिर परिसर में होली की छठा देखते ही बनती है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार