home page

अमृतपुर के चर्चित ओमकार हत्याकांड में तत्कालीन थानाध्यक्ष व विवेचक निलम्बित

 | 
अमृतपुर के चर्चित ओमकार हत्याकांड में तत्कालीन थानाध्यक्ष व विवेचक निलम्बित


फर्रुखाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। ओमवीर हत्याकांड में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमे में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी मोनू शाक्या और विवेचक रवि सोलंकी को निलम्बित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है। मृतक ओमवीर की पत्नी धरमशिला बीते करीब नौ महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रही थी।

पीड़िता ने थाना अमृतपुर से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और मुख्यमंत्री दरबार तक लगभग 108 प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल सका। पीड़िता लगातार तत्कालीन थाना प्रभारी पर लापरवाही और आरोपितों से कथित रूप से लाखों रुपये लेने के आरोप लगाती रही।

बीते सोमवार को तहसील अमृतपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के सामने हाथ जोड़कर रोते हुए अपने पति के लिए न्याय की गुहार लगाई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

मंगलवार की रात वर्तमान थाना प्रभारी रक्षा सिंह ने मुख्य आरोपित रामू यादव पुत्र अजयपाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली और पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar