home page

जातीय संघर्ष कराना चाहते हैं अखिलेश यादव : ओम प्रकाश राजभर

 | 
जातीय संघर्ष कराना चाहते हैं अखिलेश यादव  : ओम प्रकाश राजभर


सुलतानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)।' उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ब्राह्मण बनाम बैकवर्ड की राजनीति कर जातीय संघर्ष कराना चाहते हैं।

उन्हाेंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट सभी पीएम रिपोर्ट को मानते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से पीएम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज मंगाने की अपील की। राजभर के अनुसार, लड़की का लड़के से प्रेम प्रसंग था, जिसके कारण अनबन हुई और उसने अकेले गंगा में कूदकर जान दे दी। उन्होंने बताया कि लड़की की 25 तारीख को शादी थी और वह उसी लड़के से शादी करना चाहती थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई और लड़का जेल में है।

कैबिनेट मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव पर चुनिंदा घटनाओं पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, जब बाराबंकी में यादव राजभर की हत्या करता है, तब अखिलेश वहां नहीं जाते। देवरिया में यादव राजकुमार चौहान को गोली मारता है, तब भी वह नहीं जाते। कौशांबी में पाल की बेटी के साथ चार लोग बलात्कार कर उसकी हत्या कर देते हैं, पीएम रिपोर्ट आती है, लेकिन वह वहां भी नहीं जाते। राजभर ने सवाल किया कि अखिलेश यादव को सिर्फ गाजीपुर ही क्यों दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश को पहले पीएम रिपोर्ट पढ़नी चाहिए, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल चैट की जांच करनी चाहिए, जिससे उन्हें सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एमएलसी शैलेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, विधायक राजेश गौतम और भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी सहित कई नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त