अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग,तलाश जारी
फर्रुखाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। शमशाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ढाई घाट गंगा पुल से एक 55 वर्षीय अधेड़ गंगा में कूद गया। घटना के बाद से गोताखोर और स्टीमर की मदद से उसकी तलाश शुरु कर दी, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, मृतक के बेटे ने पिता के दोस्तों पर ही गंगा में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।
कुमरोहर गांव निवासी राजेश सिंह (55) अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से ढाई घाट पहुंचे थे। घाट पर तीनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें बहस हो गई, जिसके बाद राजेश सिंह ने पुल से गंगा में छलांग लगा दी। घटना के बाद दोनों दोस्त घबरा कर सीधे शमशाबाद थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत गोताखोरों को गंगा में उतारकर तलाश शुरू करवाई। समाचार लिखे जाने तक तलाश के बाद भी राजेश का कोई पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर परिजन थाने पहुंचे और राजेश की तलाश की गुहार लगाई। बेटे राजन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता के दोस्त उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर ढाई घाट ले गए। वहां शराब पिलाने के बाद उन्होंने पिता को गंगा में फेंक दिया। राजन ने यह भी बताया कि एक साल पहले भी इन्हीं दोस्तों ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि उन्हें अधेड़ के गंगा में कूदने की सूचना मिली थी। गोताखोर और स्टीमर की मदद से खोजबीन अभी भी जारी है। साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

