home page

क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाएं अधिकारी : नगर आयुक्त

 | 
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाएं अधिकारी : नगर आयुक्त


कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के काम में तेजी लाई जाएगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। सड़क खोदने के बाद उसकी मरम्मत में देरी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दी।

नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर बैठक हुई। इसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल निगम, नगर निगम और केस्को के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शहर की खराब सड़कों, विभागीय कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और लंबित मरम्मत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने बताया कि बैठक में उन स्थानों की जानकारी ली गई, जहां सड़कें खराब हैं। या फिर पाइपलाइन, बिजली समेत अन्य विभागीय कार्यों के बाद मरम्मत का काम लंबित है। संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ ऐसे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़क मरम्मत के दौरान गुणवत्ता का भी ध्यान रखने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि बारिश और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराया जाएगा। विभागीय कार्यों के लिए सड़क की खुदाई होने पर काम पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी की ओर से सड़क को दुरुस्त कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

शहर के कई इलाकों में सड़क पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में इसी समस्या को देखते हुए सड़क मरम्मत के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबित कार्यों में अनावश्यक देरी न की जाए।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप