home page

श्रावण के प्रथम सोमवार से पहले गौरी शंकर धाम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

 | 
श्रावण के प्रथम सोमवार से पहले गौरी शंकर धाम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश


श्रावण के प्रथम सोमवार से पहले गौरी शंकर धाम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश


जौनपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने रविवार को सुजानगंज थाना क्षेत्र स्थित श्री गौरी शंकर धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा पूरी व्यवस्था शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सकुशल ढंग से संचालित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट तथा उपजिलाधिकारी बदलापुर भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव