उपायुक्त उद्योग कार्यालय में अनुपस्थित छह कर्मचारियाें का काटा जाए एक दिन का वेतन : जितेंद्र प्रताप सिंह
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति, अभिलेखों का नियमित रखरखाव और आमजन की समस्याओं का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यालयीय अनुशासन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने फजलगंज स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय पहुंचकर कही।
जिलाधिकारी ने आज उपायुक्त उद्योग कार्यालय का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त उद्योग कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। दूरभाष पर हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि वह एक जांच के सिलसिले में पनकी स्थित बैंक ऑफ इंडिया कार्यालय जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यालय की उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान रश्मि, अविजित सिंह, राजकुमार, वी. अरुण, धर्मेंद्र कुमार शुक्ला और मिथिलेश कुमार अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और कार्यालयीय अनुशासन का पालन करें।
जांच के दौरान उपस्थिति पंजिका में सहायक आयुक्त उद्योग रियाजुद्दीन के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। सहायक आयुक्त ने बताया कि उपस्थिति पंजिका में उनका नाम अंकित नहीं है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी राजपत्रित अधिकारियों के नाम उपस्थिति पंजिका में दर्ज किए जाएं और वे अनिवार्य रूप से हस्ताक्षर करें, ताकि उपस्थिति की प्रमाणिकता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने मूवमेंट रजिस्टर का भी अवलोकन किया। जांच में पाया गया कि सात अप्रैल 2026 के बाद से उसमें कोई प्रविष्टि नहीं की गई थी। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालय अभिलेखों का नियमित और अद्यतन रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

