ऑक्टा चुनाव : प्रो संजय सिंह बने मुख्य चुनाव अधिकारी

प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय संघटक महाविद्यालय शिक्षक संघ (ऑक्टा) की कार्यकारिणी सभा की बैठक प्रो. उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज में हुई, जिसमें ऑक्टा की नई कार्यकारिणी के लिए पदाधिकारियों के चुनाव कराने के लिए चुनाव अधिकारियों का चयन किया गया। सीएमपी डिग्री कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. संजय सिंह को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाया गया।
प्रो. उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि सीएमपी से रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. मृदुला त्रिपाठी और एस एस खन्ना महाविद्यालय से संगीत विभाग की डॉ. रेखा रानी सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। चुनाव सीएमपी महाविद्यालय में होगा। चुनाव अधिकारी शीघ्र ही अपनी बैठक में विस्तृत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेंगे। ऑक्टा के पदाधिकारियों का चुनाव 27 अप्रैल तक पूरा कराना है।
इस कार्यकारिणी ने अपनी अंतिम बैठक में इस बात पर दुःख व्यक्त किया कि कई महाविद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति एवं ईसीसी और राजर्षि टंडन महाविद्यालय में शिक्षकों की भर्ती रुकी हुई है। जिसके लिए कड़ी आलोचना की। ईसीसी के तीन विषयों गणित, भौतिक विज्ञान और शिक्षा शास्त्र के तीन शिक्षकों का एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति के लिए विषय विशेषज्ञों को संस्तुत करने की फ़ाइल लगभग एक वर्ष से लटकी है। ईसीसी और जगत तारन के लगभग 40 शिक्षकों की पदोन्नति के अनुमोदन की फाइल लगभग 6 महीने से अधिक समय से पड़ी है। ऑक्टा की नई कार्यकरिणी के गठन बाद इन सभी मुद्दों के सम्बंध में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक का संचालन महासचिव प्रो. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने किया। बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, संयुक्त सचिव डॉ. आशीष त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह एवं प्रो. सुनील कांत मिश्रा, प्रो. संघसेन सिंह, प्रो. आनंदपाल, प्रो. मार्तंड सिंह, प्रो. धीरज चौधरी, प्रो. रजत श्रीवास्तव, प्रो. विवेक कुमार निगम, डॉ. आशीष मिश्रा, डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र