home page

एनएसएस शिविर से विद्यार्थियों में हाेता है सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास : डॉ. अरुण कुमार

 | 
एनएसएस शिविर से विद्यार्थियों में हाेता है सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास : डॉ. अरुण कुमार


कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं और लोगों को जागरूक करने का कार्य करते हैं। यह बातें सोमवार को सहप्राध्यापक डॉ. अरुण कुमार ने कहीं।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कृषि महाविद्यालय जमुनाबाद, गोला (लखीमपुर खीरी) की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-6 के तत्वावधान में ग्राम पंचायत भुडवारा के ग्राम रामपुर जंगल स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार से सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 9 मार्च से 15 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवक ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे।

मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल योगाभ्यास के साथ दिन की शुरुआत होगी। इसके साथ ही स्वयंसेवक गांव में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर सहप्राध्यापक डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय ने स्वयंसेवकों से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वच्छता और शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम अधिकारी एवं अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के मूलमंत्र “मैं नहीं, बल्कि आप” को अपनाते हुए समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही।

कार्यक्रम में डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. राजकुमार, डॉ. रणधीर कुमार यादव, डॉ. अनूप कुमार यादव, डॉ. चतुर्वेदी तथा हिमांशु मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप