home page

रोडवेज में बड़ी कार्रवाई : 87 चालक-परिचालकों की संविदा पर संकट

 | 

बांदा, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के बांदा डिपो में लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से गायब चल रहे संविदा कर्मियों पर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने 44 संविदा चालकों और 43 संविदा/आउटसोर्स परिचालकों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि वे 6 जुलाई 2026 तक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनकी संविदा समाप्त कर दी जाएगी।

निगम का कहना है कि लगातार अनुपस्थिति से बस संचालन प्रभावित हो रहा है, यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है और विभाग की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देशराज ने शुक्रवार काे बताया कि कई चालक और परिचालक जनवरी, मार्च, अप्रैल, मई और जून 2026 से लगातार अनुपस्थित हैं, जबकि कुछ कर्मियों को कम ड्यूटी करने का आदी भी बताया गया है। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।

निगम के अनुसार संबंधित कर्मियों को संविदा की शर्तों के अनुरूप 22 दिन ड्यूटी करना अनिवार्य है। इसके बावजूद लगातार अनुपस्थित रहने से बसों के संचालन पर असर पड़ा है, जिससे पीक सीजन में यात्रियों को बस सेवा से वंचित होना पड़ा। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित तिथि तक ड्यूटी जॉइन न करने पर संविदा समाप्त करने की कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मियों को कार्यमुक्त माना जाएगा।

कार्यालय ने डिपो प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी अनुपस्थित कर्मियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने के लिए सूचित किया जाए। साथ ही नोटिस की प्रति सूचना पट्ट पर चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह