home page

जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं, लड़ाई अगली पीढ़ी के भविष्य को सजाने-संवारने की है : मुख्यमंत्री

 | 
जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं, लड़ाई अगली पीढ़ी के भविष्य को सजाने-संवारने की है : मुख्यमंत्री


जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं, लड़ाई अगली पीढ़ी के भविष्य को सजाने-संवारने की है : मुख्यमंत्री


गोरखपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तमिलनाडु में मदुरई के पास कार्तिगई दीपम के दिन दीपथून स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति न दिए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार में हो रहे विकास, आस्था के सम्मान और जनकल्याण का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं।

सीएम योगी ने सवाल उठाते हुए कहा, तमिलनाडु में अगर भाजपा की सरकार होती तो क्या वहां पर मदुरई के पास दीपक जलाने से कोई रोक पाता? फिर इसका जवाब भी बताया, ‘ऐसा इसलिए हुआ कि वहां समाजवादी पार्टी के डीएनए से मिलती-जुलती सरकार है, कांग्रेस कल्चर की सरकार है, उनको अपने वोट बैंक की चिंता है, आपकी आस्था की नहीं।’

सीएम योगी रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री ने गीडा परिक्षेत्र और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के 502 करोड़ रुपये के 104 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष 17650 करोड़ रुपये की प्रस्तावित पांच निवेश परियोजनाओं के लिए एमओयू का आदान -प्रदान हुआ। मुख्यमंत्री ने ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट, बायर-सेलर मीट का उद्घाटन करने के साथ ही चकभोप आवासीय योजना और गीडा की नई वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरण, लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरण, उद्यमियों-कारीगरों को ऋण वितरण, एआई नवाचार के लिए एमपीआईटी के साथ एमओयू के साथ ही आवासीय (ईडब्ल्यूएस-एलआईजी) व औद्योगिक भूखंडों के लाभार्थियों को आवंटन पत्र और नाइलिट स्किल डेवलपमेंट सेंटर से प्रशिक्षित छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नाइलिट स्किल डेवलपमेंट सेंटर के विस्तार और श्रमिक कल्याण मिशन के अंतर्गत लेबर डॉरमेट्री का शिलान्यास भी किया।

समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने प्रदेश में जारी सुरक्षा, विरासत, विकास, निवेश, रोजगार, और जनकल्याण की यात्रा को अनवरत जारी रखने के लिए आगामी चुनाव में एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश की शानदार विकास यात्रा को बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके, बिना भेदभाव लगातार आगे बढ़ाया है। इसलिए, बांटने वाले लोग आएंगे तो उनसे सावधान रहना है, उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है।

उन्होंने कहा कि दीपावली के एक दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, 36 लाख से अधिक दीपक जले थे। जबकि तमिलनाडु में मदुरई के पास सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भी दीपक नहीं जलाने दिया गया। यही फर्क है भाजपा और अन्य सरकारों में। जहां भाजपा की सरकार है वहां हर घर में दीपक जल रहा है, चारों ओर रोशनी ही रोशनी दिखाई दे रही है।

एकजुटता बनाए रखने के अपने संदेश को विस्तार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यूरोप में कई देशों में दंगे हो रहे हैं। वहां अराजकता छाई हुई है, रोज आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट जारी है। पूरे यूरोप की जितनी आबादी है, अकेले यूपी की उतनी आबादी है। यूपी में न लूटपाट है, न कर्फ्यू है, न दंगा है। यूपी में सब चंगा है, क्योंकि यूपी में बीजेपी की डबल इंजन की सरकार है। कोई यहां लूटपाट नहीं कर सकता, कोई कर्फ्यू नहीं लगा सकता, कोई उपद्रव-दंगा नहीं कर सकता, क्योंकि उन्हें मालूम है दंगा और कर्फ्यू की कीमत क्या चुकानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पर लोगों ने यह सब देखने का प्रयास नहीं किया, आपस में बंटे हैं, तो लगातार वहां कट भी रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि बिना भेदभाव, बिना लाग-लपेट जिसने अच्छा किया है, जिसने गरीबों का कल्याण किया है, जो नौजवानों को रोजगार का साधन दे रहा है, उन्हीं को बार-बार अवसर देना है। सीएम ने कहा कि यह आज की लड़ाई नहीं, बल्कि विकसित भारत की लड़ाई है। यह लड़ाई आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सजाने और संवारने की है और इस लड़ाई को अनवरत रूप से हम आगे बढ़ाएंगे।

अपने आप में आपदा होती हैं खराब सरकारें

सीएम योगी ने कहा कि गीडा की स्थापना आज से 37 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन इसका वास्तविक विकास पिछले 10 वर्षों के अंदर हुआ है। यानी लगभग 28-30 वर्ष गीडा के लिए अंधकारमय थे। उन्होंने कहा कि जब सरकारें गलत आती हैं तो चारों ओर अंधकार छाता है। खराब सरकारें अपने आप में आपदा होती हैं। और, जब अच्छी सरकारें आती हैं तो चारों ओर प्रकाश होता है। लोगों की आकांक्षाएं उजागर होती हैं, उन आकांक्षाओं को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए सरकार उस प्रकार की बुनियादी सुविधाओं का विकास करती है। अपनी नीतियों को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए पराकाष्ठा के स्तर पर परिश्रम करती है। अच्छी सरकार जनता की समस्या का समाधान करती है, नौजवानों काे रोजगार के अवसर देती है, उद्यमियों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था भी करती है तो एक सामान्य नागरिक के लिए ईज ऑफ लिविंग के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में सख्त कदम भी उठाती है।

अच्छी सरकार ही देती है सुरक्षा और सुशासन का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और सुशासन का मॉडल कोई अच्छी सरकार ही देती है। ऐसी सरकार जिसके मन में विकास की एक तड़प हो। जहां पर सत्ताधारी दलों से जुड़े हुए लोगों और राजनीतिक दलों के मन में केवल और केवल अपने विकास तथा अपने परिवार के विकास की चिंता हो, वे विकास नहीं करा सकते। विकास कराने के लिए वे लोग चाहिए जो परिवारवाद से ऊपर उठकर, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश और देश को ध्यान में रखकर के योजना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के गीडा की 10 वर्षों की शानदार यात्रा भी उसी की अभिव्यक्ति है। प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की अच्छी सरकार आने का ही परिणाम है कि यहां व्यापक पैमाने पर यह निवेश आ रहा है।

गीडा में स्लॉटर हाउस खोलना चाहती थी सपा सरकार

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2004-05 में सपा की सरकार गीडा में स्लॉटर हाउस (बूचड़खाना) खोलना चाहती थी। जबरदस्ती कार्य प्रारंभ किया गया तो बतौर सांसद उन्होंने सहजनवा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आंदोलन किया था। तब कहा था कि अगर यहां का विकास सैफई जा रहा है तो स्लॉटर हाउस भी वहीं लेकर जाइए, गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा।

सीएम ने कहा कि हमने कई दिनों तक लड़ाई लड़ी और अंततः विजयी हुए। भाजपा सरकार बनी तो यहां की जमीनों के बदले अन्नदाता किसानों को सम्मानजनक मुआवजा दिया गया, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बना। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अब तक यहां पर 15000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं और 17000 करोड़ से अधिक का नया एमओयू हो गया है। इस निवेश से 50000 नए लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नई नौकरी और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है।

युवा प्रतिभा और ऊर्जा को स्किलिंग से जोड़ रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रतिभा और ऊर्जा को स्किलिंग से जोड़ना आज की आवश्यकता है। कहा कि हमारे पास यंग वर्कफोर्स है, स्केल है, उस स्केल को स्किलिंग में बदलना होगा। इसके लिए पहले नाइलिट के साथ मिलकर कार्य शुरू हुआ। और, अब 'लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन' की शुरुआत की जा रही है। यहां एक ही छत के नीचे गोरखपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कहीं के किसी भी नौजवान को उसकी अभिरुचि के अनुरूप ट्रेनिंग और फिर उसकी नौकरी की गारंटी भी जाएगी। सीएम ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन 25 एकड़ क्षेत्रफल में यह बन रहा है। कहा कि हमें अपने नौजवान की प्रतिभा पर, उसकी ऊर्जा पर विश्वास है। नौजवान जब अंगड़ाई लेता है तो धाराएं बदलती हुई दिखाई देती हैं। उस धारा को लोक कल्याण और विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए सरकार का पॉजिटिव अप्रोच उसके साथ जुड़ता है, तो इसकी स्पीड बुलेट की स्पीड से आगे बढ़ती है।

जनता ने जिनको कुछ करने लायक नहीं छोड़ा वे भी आज चिल्ला रहे

सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले इंसेफेलाइटिस और उद्यमियों-व्यापारियों से वसूली के लिए गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश बदनाम हो चुका था। यही इसकी पहचान बन गई थी। इंसेफेलाइटिस बीमारी का कारण था मच्छर और वसूली का कारण था माफियाराज। माफिया और मच्छर ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस से मर रहे बच्चों में ज्यादातर दलित और पिछड़ी जाति के बच्चे थे। सीएम ने कहा कि तबकी सरकारों के मन में संवेदना नहीं थी। जब वे सत्ता में थे तब न नौकरी देते थे, न रोजगार देते थे, न निवेश ला सकते थे, न सुरक्षा दे सकते थे। आज जब वे स्वयं बेरोजगार हो गए हैं। जनता जनार्दन ने जब आज उनको कुछ करने लायक नहीं छोड़ा है, तो आज वे भी चिल्ला रहे हैं कि हम भी विकास करा सकते हैं। जबकि ये लोग जब सत्ता में थे तब तो केवल अपने खानदान और अपने सिंडिकेट के लिए ही कार्य करते थे।

सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का 80-85 प्रतिशत बजट

मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम, विंध्यवासिनी धाम, शाकम्भरी धाम, शुकतीर्थ-नैमिषारण्य सहित प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आस्था के स्थलों के पुनरोद्धार का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 के पहले यही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल में, गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने के लिए खर्च होता था। उस समय प्रदेश के संस्कृति विभाग के बजट का 80-85 प्रतिशत खर्चा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च हो जाता था, शेष प्रदेश के लिए कोई पैसा नहीं था। उन्होंने कहा कि आज सरकार कुशीनगर, श्रावस्ती के बौद्ध तीर्थों का विकास भी करा रही है। सरकार ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सद्गुरु रविदास जी, संतकबीर दास जी, महर्षि वाल्मीकि जी महाराज, ज्योतिबा फुले जी के मंदिरों, मूर्तियों और पार्कों के सुंदरीकरण के लिए भी धनराशि दी है। 4030 से अधिक स्थानों पर यह कार्य संपन्न हो रहा है।

विरासत के मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत के मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव को आगे बढ़ाया जा सकता है। सशक्त विकास की यह गति ही आज प्रदेश की प्रगति का आधार है। अब 'पिक एंड चूज' नहीं है, चेहरा देखकर कार्य नहीं होता है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर-गीडा की ही काशी, प्रयागराज, झांसी लखनऊ में भी निवेश हो रहा है।

ब्रह्मोस के कहर से बाप-बाप चिल्लाता है पाकिस्तान

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारें लुटवाती थीं, डकैती डलवाती थीं। इसलिए वे हर मोहल्ले में कट्टा-बम ही बनवाती थीं। कहा कि अब कट्टा-बम नहीं, दुनिया की सबसे अच्छी राइफल कलाश्निकोव 203, वेब्ले स्कॉट की रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल प्रदेश के अंदर बन रही है। जब हमारी ब्रह्मोस मिसाइल एक बार दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप कहकर चिल्ला उठता है। यह है भारत की नई ताकत। उन्होंने कहा कि आज का नया भारत और नया उत्तर प्रदेश पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।

कभी कल्पना थी गीडा में उद्योगों की स्थापना

मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा में उद्योगों की स्थापना कभी कल्पना मात्र थी। जबकि आज धुरियापार के पास सीमेंट की फैक्ट्री लग रही है। गैलेंट और अंकुर उद्योग के जरिये वर्ल्ड क्लास स्टील बन रहा है। तत्वा प्लास्टिक के प्लांट में प्लास्टिक के पाइप बन रहे हैं। गीडा में तीन डेयरी प्लांट खुले हैं। फ्लैटेड फैक्ट्री बन गई है। 463 करोड़ रुपये से आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ हो रहा है। श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री में रहने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमने अगर बूचड़खाना नहीं खोलने दिया तो कट्टा और बम बनाने वालों के अवैध धंधों पर भी प्रहार करके उसको चौपट करवाया।

माफिया व मच्छर को समाप्त कर आगे बढ़ाया विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए हमने अगर माफिया राज समाप्त किया तो मच्छरों को भी समाप्त किया। अब इंसेफेलाइटिस की बीमारी से यहां का कोई मासूम नहीं मरता है। किसी मां को अपने बच्चे के लिए अब आंसू नहीं बहाना पड़ता है क्योंकि सरकार ने जिम्मेदारी ली है। कहा कि सुशासन और सुरक्षा वाली सरकार में संवेदना है। पर, जिन लोगों में संवेदना नहीं थी, जिन्होंने कुशासन दिया, अराजकता दिया, उपद्रव दिया, गुंडागर्दी की, माफिया पाले और जब सत्ता से बेदखल हो गए तो अब उनको अपने कारनामे याद आ रहे हैं।

सबके साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार अपने कारीगरों, उद्यमियों, युवाओं, नारी शक्ति के साथ खड़ी है और उसे हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य इसलिए संभव हो पाए हैं क्योंकि हमने सुरक्षा भी दी, उसके लिए नीति भी बनाई। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के माध्यम से कोई भी उद्यमी अपना आवेदन करे, एक समय सीमा पर भूमि भी मिलेगी और निवेश होने के साथ गवर्नमेंट का इंसेंटिव भी उन्हें प्राप्त होगा।

सीएम योगी ने कहा कि अब हमारा गीडा पिछड़ा नहीं है, अब तो विकास के पायदान पर यह तेजी के साथ आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहा है। सीएम ने बताया कि यहां पर नाइलिट ने 2023 से अपना कार्य प्रारंभ किया और अब तक 4300 से अधिक युवाओं ने नाइलिट गीडा से प्रशिक्षण लिया है। युवाओं को यहां पर उन्होंने ट्रिपल सी, ओ लेवल के साथ-साथ साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्लाउड कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे प्रशिक्षण के कार्यक्रम के साथ भी जोड़ा जाएगा। नाइलिट के जरिये 400 से अधिक युवाओं को अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज यह जो परिवर्तन है, इसके बारे में कोई सोचता तक नहीं था। लोग हिम्मत हार चुके थे। लोग आशा छोड़ चुके थे। तब यहां पर निवेश एक सपना था।

युवाओं को डिजिटली सक्षम बना रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को डिजिटल सक्षम बना रही है। इसके लिए अभी-अभी 20 नवंबर को गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर के 50,000 युवाओं को टैबलेट उपलब्ध करवाए गए। यह टैबलेट उन युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इंफोसिस के साथ मिलकर सरकार ने 18,000 कोर्सेज उसमें अपलोड किए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की युवाओं से संबंधित, उनके एंप्लॉयमेंट से संबंधित, उनके स्टार्टअप से संबंधित जितने भी कार्यक्रम हैं, उस टैबलेट के अंदर उन नौजवानों को प्राप्त होंगे।

बोलने ही नहीं, करने में विश्वास रखती है सरकार

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार केवल बोलने में नहीं बल्कि करने में विश्वास करती है। अच्छी सड़कें, बिजली की व्यवस्था, सुरक्षा की व्यवस्था, स्वास्थ्य की सुविधा, रोजगार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ कभी बंद पड़ चुके खाद कारखाना को भी आज डबल क्षमता से चलाया जा रहा है। पिपराइच की चीनी मिल फिर से चालू हो गई है। ये सभी कार्य विकास की शानदार यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए, युवाओं के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए, विकसित भारत की यात्रा को और सुगम बनाने के लिए, विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने के लिए किए जाने वाले प्रयासों का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों के चुनाव के लिए जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि विकास की जब समान सोच एक साथ चलती है तो विकास यात्रा की स्पीड बढ़ती है। वही स्पीड प्रगति का कारण बनता है।

सीएम योगी के नेतृत्व में निवेश की नई पहचान बना रहा यूपी : हंसराज विश्वकर्मा

गीडा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के एमएसएमई विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और सुशासन का ऐसा मॉडल दिया है कि जिससे देश ही नहीं, दुनिया के उद्यमी उत्तर प्रदेश में निवेश करने को आतुर है। सीएम योगी के नेतृत्व में कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि प्रदेश का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने और सरकार उसी के अनुरूप काम भी कर रही है।

अतुलनीय कार्यों के लिए पूरा प्रदेश सीएम योगी का आभारी : रविकिशन

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, सबके स्वास्थ्य की रक्षा सहित विकास और जनकल्याण के अतुलनीय कार्यों के लिए आज पूरा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि योगी जी के सीएम बनने से पहले गीडा बंद बस्ते में पड़ा था, आज मुख्यमंत्री के विजन से यहां उद्योग लग रहे हैं और बड़ी संख्या में नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। समारोह में स्वागत संबोधन सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गीडा, दस वर्षों में नोएडा के समानांतर खड़ा हो गया है। विधायक ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हुए सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के अभूतपूर्व विकास का विस्तार से उल्लेख किया।

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, विधानसभा प्रभारी जगदम्बा श्रीवास्तव, क्षेत्र पंचायत प्रशासक दिलीप यादव समेत बड़ी संख्या में उद्यमी व आमजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय