त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए नोएडा पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
नोएडा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके तहत 46 पुलिस टीमों ने 46 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की। अभियान के दौरान 1658 वाहनों और 2302 व्यक्तियों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 453 वाहनों के चालान किए गए, जबकि छह वाहनों को सीज किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि इसमें सेक्टर-20, सेक्टर-126, सेक्टर-39, फेस-1, सेक्टर-24, सेक्टर-58, सेक्टर-49, सेक्टर-113 और एक्सप्रेसवे थाने की पुलिस ने भाग लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 126 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान बैंक, एटीएम, होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी गई। संबंधित थाना प्रभारियों को लगातार पैदल गश्त करने, प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने और रात में भ्रमण तेज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने असामाजिक और अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चेकिंग और गश्त जारी रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

